फरधान। पत्नी ने सपने में भी न सोचा होगा कि पति की जिद को नजर अंदाज करना उसके लिए अभिशाप बन जायेगा। पडरी गांव में गुरुवार की शाम एक युवक अपनी बीवी को लेने आया था। रात अधिक होने के कारण मायके वालों ने उसे सुबह ले जाने को कहा। यह बात उसे इतनी अखर गई कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। रात में ही उसने गांव के बाहर नीम के पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने बताया मैगलगंज थाना के गांव खूंटीखुर्द निवासी जोगिंदर राठौर (30) की ससुराल फरधान थाना के गांव पडरी में है। उसकी पत्नी रिंकी ने चार माह पहले एक बच्चे को जन्म दिया था। तबसे वह यही रहती थी। इस बीच कई बार उसका पति जोगिंदर उसे लेने आया था, लेकिन बच्चा छोटा होने के कारण वह उसके साथ नहीं गई। गुरुवार की शाम वह शराब के नशे में पुन: उसे लेने पडरी आया और रात में ही पत्नी रिंकी को साथ चलने की जिद करने लगा। घरवालों ने रात में बिना साधन के मैगलगंज साथ भेजने से मना करते हुए सुबह ले जाने को कहा। इस बात पर जोगिंदर ससुराल वालों से गालीगलौज करने लगा और अपने चार माह के दुधमुंहे बच्चे को भी पटक दिया। इस पर लोगों ने किसी तरह उसे समझा-बुझाकर शांत किया और सुबह ले जाने को कहा। वह लोगों की बात मान गया और बिना खाना खाए ही लेट गया। बताते हैं जब घरवाले सो गए तब उसने गांव के बाहर नीम के पेड़ में बेल्ट और शर्ट बांधकर फंदा लगा लिया। शुक्रवार सुबह जब लोगों सोकर उठे तब घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पेड़ से शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया जोगिंदर जब भी पडरी आता था। शराब पीकर गांव में कहीं न कहीं बखेड़ा खड़ा करता था। बताते हैं जोगिंदर ने एक बार अपने घर भी आत्महत्या की कोशिश की थी।
रात में रिंकी ने जाने को मना कर दिया था। इसी से वह क्षुब्ध था। परिस्थितियों से मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। मृतक के परिजनों की तरफ से कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
- एसएन सिंह प्रभारी निरीक्षक, थाना फरधान
बड़ेर में लटकती मिली महिला की लाश
महेवागंज/सुंदरवल। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव ग्रंट नंबर 12 मे एक विवाहिता ने घर की बड़ेर में फंदा लगाकर जान दे दी। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
फूलबेहड़ के ग्रंट नंबर 12 निवासी सार्जन उर्फ भुररी की पत्नी रूबी (25) ने बृहस्पतिवार रात घर के अंदर छप्पर की बड़ेर मे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात शव लटकता देख ससुरालियों के होश उड़ गये। मृतका के मायके सूचना दी गयी। रात मे ही मायके वाले भी पहुंच गये। दोनों पक्षों में खूब कहासुनी हुई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता मैनहाघाट निवासी साहब लाल ने पुलिस को बताया तीन साल पहले बेटी की शादी की थी। हैसियत के हिसाब से दान दहेज भी दिया था। ससुराल में अक्सर उसे ताने मिलते थे। साथ ही उसे प्रताड़ित किया जाता था, जिससे वह परेशान रहती थी। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि मृतका के पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।