शहर में चोरी, लूट और डकैती की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे बदमाशों के आगे सदर पुलिस बेबस दिखाई पड़ रही है। रविवार की रात चोरों ने नौरंगाबाद चौराहा पुलिस पिकेट से चंद कदम की दूरी पर स्थित दो दुकानों के ताले तोड़ दिए। हालांकि चोर एक दुकान से ही करीब 80 हजार का सामान चोरी कर ले जाने में सफल रहे। दोनों घटनाओं की तहरीरें पुलिस को दी गई हैं, लेकिन पुलिस ने किसी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
शहर के मोहल्ला जोड़ी बंगला निवासी रमेश गुप्ता की नौरंगाबाद चौराहे के निकट प्यारेपुर रोड पर औैर यहां से करीब 50 मीटर दूर रंजन की परचून की दुकान है। रविवार की रात चोरों ने दोनों दुकानों के शटर में लगे ताले तोड़ दिए। रमेश गुप्ता ने बताया कि चोर उनकी दुकान से ई-टॉप सिम समेत पांच मोबाइल, 15 हजार के रिचार्ज कूपन, पांच हजार की नकदी समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए, जबकि आसपास जाग हो जाने के कारण चोर रंजन की दुकान से कोई सामान नहीं ले जा सके। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब आसपास के लोगों ने उन्हें चोरी होने की सूचना दी। इससे रमेश गुप्ता के होश उड़ गए। पीड़ित जब मौके पर पहुंचा तो देखा कि दुकान में रखा सामान बिखरा पड़ा था और रिचार्ज कूपन, मोबाइल आदि गायब था। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों दुकानदारों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
23 दिन बीते, नहीं लगा डकैतों का सुराग
लखीमपुर खीरी। छह जनवरी की रात बदमाशों ने शहर के मोहल्ला दुर्गापुरम (अर्जुनपुरवा) निवासी शांती देवी और गोविंद रस्तोगी के मकान पर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार वालों को बांधकर पिटाई की थी और दोनों घरों से नकदी-जेवर समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान लूट ले गए थे। इस घटना को हुए 23 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है।