लखीमपुर खीरी/मितौली। थाना क्षेत्र के गांव अवधपुर में रविवार सुबह करीब 10 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। ससुराल वालों ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है, जबकि मायके वालों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
अवधपुर निवासी रंजीत कुमार की शादी करीब डेढ़ साल पहले निघासन के गांव सुतिया निवासी करीना(22) के साथ हुई थी। रंजीत दिल्ली में रहकर काम करता है। रविवार को भी वह घर पर मौजूद नहीं था। करीब 10 बजे घर वालों ने करीना का शव फांसी से लटका देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया। गांव में आग की तरह खबर फैल गई, जिसके बाद यूपी 100 पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इस बीच मायके वाले भी गांव पहुंचे, जिन्होंने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता रामहरि ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। एसओ ओपी रजक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।