बाइक सवार बदमाशों ने रविवार की देर शाम अपने गांव सुतेहरा जा रहे एक युवक की बाइक रोक ली। उससे एक हजार रुपये और मोबाइल लूट ले गए। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
थाना नीमगांव के गांव सुतेहरा निवासी विनय कुमार बाइक से सिकंद्राबाद से घर लौट रहे थे। वैबहा मोड़ के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें असलहों के बल पर रोक लिया। बदमाश उसके पास से एक हजार रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। सूचना पाकर एसओ संजय कुमार सिंह ने सिकंद्राबाद चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह के साथ बदमाशों की घेराबंदी कर मितौली पुलिस को मामले की जानकारी दी। जानकारी पर मितौली पुलिस ने भी घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को दबोच लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसओ ने बताया कि एक संदिग्ध से पूछताछ में घटना में शामिल बदमाशों के कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।