निघासन (लखीमपुर खीरी)। कस्बे में मंगल ढिल्लो के दो भाइयों के घर हुई डकैती के मामले को हुए 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक ऐसे कोई क्लू नहीं लग सके हैं, जिससे पुलिस बदमाशों तक पहुंच सके। पुलिस अंधेरे में हाथपांव मार रही है। उधर सपा पूर्व विधायक केजी पटेल सोमवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने एसपी से फोन पर वार्ता की और शीघ्र खुलासे की मांग की है। उधर खुलासे में हो रही देरी से व्यापारियों में भी रोष है। व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
बतादें कि फिल्म अभिनेता मंगल ढिल्लो के भाई रामसिंह और अमर सिंह घर में रविवार रात करीब दो बजे आठ दस बदमाशों ने डाका डाला था। परिवार वालों को बंधक बनाकर करीब नगदी समेत करीब 25 लाख के जेवर लूट ले गए थे। पुलिस ने खैरहनी के पूर्व प्रधान जगदीश गुप्ता, राजकिशोर और अवधेश समेत करीब आठ दस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज कर पूर्व प्रधान और उसके दो पुत्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन कोई तथ्य सामने न आने पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया है। घटना को हुए 24 घंटे से अधिक का समय बीत गया, लेकिन खुलासे में लगी पुलिस की टीमें अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस अंधेरे में हाथपांव मारकर घटना का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है। सीओ प्रीती त्रिपाठी ने माना कि अभी पुलिस को कोई क्लू नहीं मिला है, लेकिन टीमें लगी हुईं हैं। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
0000000000000
प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट
सोमवार को सपा के पूर्व विधायक केजी पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित अमर सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा की। बोले, भाजपा सरकार हर मुद्दे पर विफल हो गई है। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। लूट, चोरी, बलात्कार, हत्या जैसे जघन्य वारदातों से प्रदेश जल रहा है। उधर व्यापारियों ने भी खुलासा न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
-------------