लखीमपुर खीरी। कसबा खीरी निवासी शुजात अली ने कसबे के ही एक व्यक्ति और उसके साथियों पर पहले दीवार तोड़ने फिर तमंचा दिखाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने एसपी की फटकार पर 16 दिन बाद एक युवक को नामजद कर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खीरी कस्बा निवासी शुजात अली खान ने बताया कि उनके मकान के पड़ोस में उनकी पुत्री अर्शिया खान ने एक मकान बनावाया है। इस मकान के पश्चिम मोहल्ला सैय्यदबाड़ा निवासी शकील अहमद अवैध निर्माण करा रहा है। आठ जून की रात किसी समय शकील अहमद ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पुत्री के कमरे की दीवार तोड़ दी और अवैध कब्जे की नीयत से कमरे के अंदर की ओर पिलर खड़ा कर दिया। सुबह सात बजे इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया तो आरोपी शकील अहमद अपने चार अन्य अज्ञात साथियों के साथ आ गया और गालियां देते हुए तमंचा निकालकर डराया धमकाया। बोला यहां से चले जाओ नहीं तो गोली मार देंगे। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर दो रोज पहले एसपी से मिले और पूरी बात बताई। एसपी की फटकार के बाद थाना खीरी पुलिस ने 16 दिन बाद आरोपी शकील अहमद और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।