लखीमपुर खीरी। एटीएम से दस हजार रुपये कटने की शिकायत टोलफ्री नंबर पर करने के बाद युवक ने अंदाजा भी नहीं लगाया होगा कि उसके साथ क्या होने वाला है। टोलफ्री नंबर की कॉल की मदद से युवक से संपर्क कर साइबर ठगों ने उसके खाते से 1.32 लाख से ज्यादा रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला महाराज नगर निवासी जाफर अली ने बताया कि 31 मई को इलाहाबाद बैंक के एटीएम से वह 10 हजार रुपये निकालने पहुंचा। रुपये नहीं निकले, लेकिन पैसे कटने का मेसेज आ गया। चार-पांच दिन बाद उसने कस्टमर केयर के टोलफ्री नंबर पर कॉल कर इसकी शिकायत की। उसे बताया गया कि दो-तीन दिन में पैसा उसके खाते में आ जाएगा। 10 जून को अलग-अलग दो नंबरों से उसके मोबाइल नंबर पर कॉल आई। टू कॉलर पर दोनों नंबर पंजाब नेशनल बैंक के दिख रहे थे। कॉल करने वाले ने अपना नाम राहुल और गुड़गांव बताया। कहा है कि आपका जो 10 हजार रुपये कटा है उसे वापस कराने के लिए हमे मेसेज भेजो। अपना खाता नंबर भेज दो, लेकिन उसने कोई खाता नंबर नहीं दिया और न ही एटीएम कार्ड नंबर आदि बताया। लेकिन इसके बावजूद कुछ देर में पैसे कटने के मेसेज आने लगे। जब तक वह बैंक पहुंचता तब तक उसके खाते से 1,32 478 लाख रुपये कट चुके थे। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बक्से में रखा रहा एटीएम कार्ड और खाते से निकल गए बीस हजार
खमरिया। कस्बा खमरिया निवासी शिव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक शाखा खमरिया में है। खाते में दो लाख 24 हजार 333 रुपये जमा थे। तीन जून को उन्होंने एटीएम कार्ड नया जारी कराया था। नया एटीएम चालू कर बक्से में बंद कर घर में रख दिया। पांच जून को सुबह 10 बजे 10,000 हजार रुपये निकाले जाने का मेसेज आया। यह देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने कस्टमर केयर से बात की और एटीएम बंद करने की अपील की। रात 11 बजे दोबारा खाते से 10,000 रुपये निकल गए। तब उन्होंने रात 12 बजे दोबारा बात कर अपना एटीएम कार्ड लॉक कराया। सुबह शाखा प्रबंधक से भी शिकायत की। पीड़ित ने बैंक शाखा कर्मियों पर आशंका जताई है। शाखा प्रबंधक नंदकिशोर राही ने बताया उपभोक्ता से एफआईआर की कॉपी लाने के बाद शिकायत हेड ऑफिस भेजी जाएगी। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
कॉल करके खाता संख्या या एटीएम नंबर पूछें तो हो जाएं सतर्क
साइबर ठग कॉल करके आपसे खाता संख्या और एटीएम नंबर या पिन कोड पूछ लेते हैं। उसके बाद वह आसानी से आपके खाते से पैसा निकाल लेते हैं। अगर मोबाइल पर आपसे कोई खाता संख्या, एटीएम या क्रेडिट कार्ड नंबर और पिन पूछता है तो सतर्क हो जाएं। ऐसा काम बैंक नहीं सिर्फ साइबर ठग ही करते हैं। अगर धोखे से एटीएम का नंबर बता दिया है तो बैंक से संपर्क कर उसे तुरंत ब्लॉक करा दें।