महेवागंज। सदर कोतवाली की महेवागंज चौकी क्षेत्र में इंदिरा मनोरंजन पार्क के पास बाइक से घर लौट रहे गंगाबेहड़ निवासी 40 वर्षीय हिदायत अली को कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली उनके दाहिने हाथ में कंधे के पास लगी। इससे घायल होकर वह बाइक सहित सड़क किनारे गिर गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली। हिदायत अली ने पुलिस को बताया है कि गांव के ही अली रजा से जमीनी विवाद चल रहा है। गुरुवार की शाम को वह अपने छोटे भाई शान मोहम्मद के साथ बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में दो बाइकों से आए अली रजा के पुत्र निसार समेत चार लोगों ने उसे रोक लिया, फिर तमंचे से फायर किया, जो उसके दाहिने हाथ के कंधे के पास लगी। वह गिर गया, तो चारों आरोपी भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ रास्ते में रोककर गोली मारने का आरोप लगाया है, जिसके मुताबिक रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जाएगी।
एक माह पहले दोनों पक्षों की दर्ज हैं रिपोर्ट
हिदायत अली और अली रजा के बीच जमीनी विवाद में पहले भी झगड़ा हो चुका है, जिसकी फूलबेहड़ थाने में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज है। आरोपी पक्ष की ओर से दर्ज मुकदमे में जानलेवा हमले का आरोप है, जिससे हिदायत अली की गिरफ्तारी होनी थी। इससे पहले ही हिदायत अली के साथ यह घटना हो गई।