निघासन। झंडी रोड पर बने एक वकील के मकान की दीवार काटकर चोर अंदर घुस गए। वहां सीमेंट की दुकान से वकील के बैग सहित चोर साढ़े चौदह हजार रुपये पार कर ले गए। मकान मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है।
गांव झंडी निवासी प्रभाकर ब्रह्म मिश्र ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं। उनका मकान निघासन कस्बे की झंडी रोड पर है। इसी में उनकी सीमेंट की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने मकान की पिछले हिस्से की दीवार में नकब लगा दी। आगे पिलर पड़ जाने से चोर अंदर नहीं घुस सके। इसके बाद चोरों ने थोड़ा ऊपर दीवार में नकब लगाया और दुकान में दाखिल हो गए। आवासीय हिस्से में लोहे का दरवाजा होने से चोर घर में नहीं घुस सके। इस पर चोर दुकान के काउंटर में रखा बैग निकाल ले गए। इसमें उनके कागजात और 14,600 रुपये की नकदी थी। गुरुवार सुबह चोरी की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक अमित दुबे ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।