थाना मैलानी पुलिस ने कुकरा पुलिस चौकी क्षेत्र के मूड़ा (खजुहा) गांव में प्राचीन देवस्थल कुआं आदि निर्माण को लेकर दो समुदायों के बीच विगत गुरुवार को हुए विवाद में दर्ज रिपोर्ट में 26 नामजद में से रविवार और सोमवार को दस और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कोर्ट में भेज दिया है।
मालूम हो कि बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत मूड़ा-खजुआ में प्राचीन धर्मस्थल मामले में बीते गुरुवार दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक टकराव हो गया था। वादी की तहरीर पर थाना मैलानी पुलिस ने 26 लोगों को नामजद करते हुए 80-85 अन्य के खिलाफ असलहों और हथियारों से लैस होकर हमला करने बलवा आदि संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मैलानी थाना इंस्पेक्टर सुनील त्यागी ने धरपकड़ अभियान चलाकर शनिवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान भेज दिया था। जहां से सभी को जेल भेजा जा चुका है। इसी कड़ी में पुलिस ने रविवार और सोमवार को नामजद दस और लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान भेजा है। इसमें मूड़ा गांव के छोटे, इमामुद्दीन, असद्दीन, उस्मान, हमीनुद्दीन, निजामुदुदीन, कुतरूद्दीन, हनीफ खां और कुकरा निवासी एजाज शामिल हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में 26 नामजद में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कहा कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।