घास काटते समय अचानक टूटकर गिरे हाईटेंशन लाइन के करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर थाना नीमगांव गांव अमेठी निवासी विनोद कुमार (21) की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव अमेठी निवासी गार्गी दयाल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उनका पुत्र पशुओं के लिए घास काटने खेत में गया था। घास काटते समय ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार अचानक टूटकर उसके ऊपर गिर गया। दिनेश की चीखपुकार पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग जब तक मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि जर्जर लाइन के तार बदलने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित सूचना दी गई, लेकिन विभाग ने कोई कारगर कदम नहीं उठाए। सूचना पर ग्राम प्रधान पुत्र सहाब खां और एसआई जगपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रधान पुत्र और पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर शांत कराया।
प्रधान पुत्र ने एसडीएम मितौली रामप्रकाश और जेई विजय शर्मा से बात की और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की। एसडीएम ने बताया कि मौके पर लेखपाल को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अधिक से अधिक पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
घटना की जानकारी मिली है। जांच के बाद विभाग की ओर से यथासंभव मदद पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी। जर्जर तारों को शीघ्र बदला जाएगा।
- विजय शर्मा, जेई बिजली उपकेंद्र बेहजम