भीखमपुर (लखीमपुर खीरी)। गांव डोकरपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने हंगामा करते हुए ससुरालियों पर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया, जबकि ससुराल वालों का कहना है कि उसकी सर्पदंश से मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
मितौली थाना क्षेत्र के गांव डोकरपुर में रामस्वरूप की 25 वर्षीय बहू अनुपम बुधवार देर शाम मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि वह चूल्हा जलाने के लिए कंडा लेने के लिए गई थी तभी सर्प ने हाथ में डंस लिया। उसे झाड़फूंक के लिए पहले बंगाली डॉक्टर के यहां लेकर गए, लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। इधर सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके वाले गुरुवार को गांव पहुंचे। मृतका के पिता रामनरेश ने बताया कि उसे शाम को घटना की जानकारी नहीं दी गई, उन्होंने अपनी पुत्री को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उसकी पुत्री की शादी 2012 में हुई थी और कोर्ट में घरेलू हिंसा का मुकदमा भी चल रहा है। ससुराल वाले कोर्ट के आदेश पर हमारी पुत्री को ससुराल लेकर आये थे और तीन जुलाई को कोर्ट की तारीख पर भी नहीं पहुंचे। मायके वालों के हंगामा काटने पर सीओ निष्ठा उपाध्याय, एसओ ओमप्रकाश रजक ने समझाने बुझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। विवाहिता का पति अखिलेश मौके पर नहीं मिला है। विवाहिता के डेढ़ साल का पुत्र है।