फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नर्सिंग होम में महिला की मौत, परिवार वालों का हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
मितौली (लखीमपुर खीरी)। कस्बे में संचालित उन्नति नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार वालों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। महिला की मौत और हंगामे की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह को मौके पर भेजा। एसडीएम ने जानकारी करने के बाद नर्सिंग होम सीज कर दिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढंस बंधाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिस पर परिवार वाले शांत हो गए हैं।
विज्ञापन

कस्बा निवासी रज्जाक हलवाई ने बताया कि उनकी पुत्री रोजीना पति रहमान के साथ दिल्ली में रहती है। पिछले दिनों वह यहां आई तो उसके पेट में दर्द हुआ। इस पर वह उन्नति अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की सलाह पर बेटी अंदरूनी अंग का ऑपरेशन गुरुवार को करा दिया। इधर शुक्रवार को रोजीना की हालत बिगड़ने लगी। पति रहमान के बताने पर डॉक्टर ने रोजीना को सीतापुर स्थित अपनी ब्रांच में दिखाने के लिए रेफर कर दिया। जिसके चलते सीतापुर ले जाते समय रास्ते में पत्नी की मौत हो गई। इससे नाराज घरवाले शुक्रवार की शाम मितौली स्थित नर्सिंग होम पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर मीडिया के लोग आ गए, जिनके सामने परिवार वालों ने डॉक्टरों पर रुपयों के लालच में ऑपरेशन करने और मरीज को गंभीर बना देने जैसे आरोप लगाए। इसकी खबर सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई, जिसे डीएम ने गंभीरता से लिया और सीएमओ व एसडीएम से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। एसडीएम मितौली ने अस्पताल को सीज कर दिया है।

डीएम का आदेश दरकिनार, चलता रहा अस्पताल
मितौली (लखीमपुर खीरी)। जिले में बिना पंजीकरण नर्सिंग होम खुलते जा रहे हैं। खास बात यह है कि जब भी ऐसे किसी अस्पताल में रोगी की जान चली जाती है, तब अधिकारी अलर्ट होते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद पुरानी व्यवस्था ढर्रे पर आ जाती है। इससे साफ है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यह नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं। मितौली में शुक्रवार को जिस नर्सिंग होम को एक महिला की मौत के बाद सीज किया गया, इसे एक शिकायत पर डीएम ने एक महीने पहले ही सीज करने का आदेश दिया था, लेकिन भ्रष्ट सिस्टम ने उस आदेश को ही दरकिनार कर दिया, वरना रोजीना की जान नहीं जाती। इस बाबत एसीएमओ डॉ. बीसी पंत का कहना है कि उन्नति नर्सिंग होम एवं मुदित हॉस्पिटल सीज करने के लिए डीएम ने एक माह पूर्व निर्देशित किया था। इस पर सीएचसी अधीक्षक को सीज करने के लिए आदेशित किया गया था, लेकिन सीज करने में लापरवाही बरतते रहे। इस मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ.एएन सिंह का कहना है कि सीज करने के समय एसडीएम की मौजूदगी आवश्यक होती है। हालांकि इस संबंध में कई बार एसडीएम मिले, लेकिन अत्यधिक कार्य के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी।
विज्ञापन


मितौली में चल रहे उन्नति नर्सिंग होम सीज करने के लिए एक माह पूर्व सीएचसी अधीक्षक को निर्देशित किया था, लेकिन लापरवाही चलते उन्होंने कार्रवाई नहीं की। हालांकि शुक्रवार को उन्नति नर्सिंग होम सीज कर दिया गया है।
- डॉ. मनोज अग्रवाल सीएमओ

मृतका कैंसर से पीड़ित थी, लेकिन घरवालों ने डॉक्टर को ये नहीं बताया। उसका ऑपरेशन लखीमपुर के डॉ. रोहित सिंह ने नर्सिंग होम में किया था। महिला की मौत अस्पताल के बाहर हुई है। घरवाले इलाज में लापरवाही का जो आरोप लगा रहे हैं वह सब गलत है।
- नीतू श्रीवास्तव अस्पताल संचालिका

मितौली में अस्पताल सीज करने का आदेश दिया था, लेकिन आगे कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इसकी जांच कराई जाएगी। यदि किसी की मिलीभगत से फर्जी अस्पताल चल रहा था तो यह गंभीर मामला है। इसे दिखवाएंगे और दोषी मिलने वाला चाहे जो भी हो, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें