ग्राहक के बैंक खाते से उड़ाए 25 हजार
लॉटरी निकलने की आई थी कॉल
मोहम्मदी। 25 लाख की लॉटरी निकलने की बात कहकर एक व्यक्ति से आधार और ओटीपी नंबर पूछकर खाते से लगभग 25 हजार रूपये उड़ा दिए ग्राहक जब बैंक से रूपये निकालने आया, तब उसे जानकारी हुई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार पसगवां थाने के गांव बचगावां निवासी लखविंदर सिंह का मोहम्मदी की एचडीएफसी बैंक में एकाउंट है। सोमवार करीब 10 बजे लखविंदर सिंह को 4461607475 नंबर से 25 लाख लॉटरी निकलने की सूचना आई। सूचना से लखविंदर सिंह काफी खुश हुए तो कॉल करने वाले ने उनसे आधार नंबर और ओटीपी नंबर पूछा और कहा कि लॉटरी का पैसा एकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा। लाटरी मिलने की खुशी में लखविंदर ने अपना आधार नंबर और ओटीपी नंबर मोबाइल पर आए मैसेज सहित फारवर्ड कर दिया। लखविंदर सिंह का कहना है कि मंगलवार को वह बैंक आया और अपने खाते की जानकारी की तो बैंक कर्मियों ने बताया कि आपके खाते से तीन बार में 24999 रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो चुके हैं। यह सुनकर वह दंग रह गया। लखविंदर सिंह ने कोतवाली मोहम्मदी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।