लखीमपुर खीरी में खीरी थाना क्षेत्र के पड़री गांव के मजरा गोरिया भीलम निवासी एक युवक का शव संदिग्ध हालात में कमरे में पंखे से लटकता मिला। पत्नी ने परिवार के लोगों पर भूमि विवाद को लेकर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले को घरेलू विवाद बता रही है।
खीरी थाना क्षेत्र के पड़री गांव के मजरा गोरिया भीलम निवासी 30 वर्षीय अमलेश का शव शुक्रवार को उसी के मकान में कमरे के पंखे से लटकता हुआ मिला। घटना के समय पत्नी मायके में थी। सूचना पर पहुंची खीरी थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया। देर शाम जब शव घर पहुंचा तो अमलेश की पत्नी पुष्पा देवी ने अमलेश के परिवार पर ही भूमि विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर त्यागी ने बताया कि अमलेश का शव उसके कमरे से संदिग्ध हालात मे पंखे से लटकता मिला है शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। परिवार में जमीन के बंटवारे का विवाद है। अभी परिजन की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।