धौरहरा। डीएम के निर्देश पर थाना निघासन के सोठियाना मजरा दुलही गांव के गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की 17 लाख 60 हजार की संपत्ति कुर्क की गई है।
शनिवार को गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त थाना निघासन के सोठियाना गांव निवासी रेहान पुत्र चुन्नू ने अपराध कर अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति से निर्मित किए गए मकान और उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर सील कर दिया गया। कुर्क की गई संपत्ति में एक हजार वर्गफिट में निर्मित मकान जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये और उसके पिता के नाम एक मोटर साइकिल कीमत 60 हजार और सेकेंड हैंड ट्रैक्टर की कीमत करीब सात लाख शामिल है। तहसीलदार धौरहरा भीमचंद्र, सीओ निघासन संजय नाथ तिवारी, प्रभारी निरीक्षक निघासन चंद्रभान सिंह, लेखपाल रामेन्द्र अवस्थी की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई की गई। मौके पर जब्ती का बोर्ड लगा दिया और उसकी निगरानी के लिए गांव के चौकीदार को नियुक्त किया गया है। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। तहसीलदार धौरहरा भीमचंद्र ने बताया कि गैंगेस्टर अभियुक्त पर 14 (1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है और उसकी निगरानी के लिए चौकीदार को नियुक्त किया गया है। संवाद