ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के जमुनहा गांव में बुधवार शाम खेत देखने गए मुनेश चंद्र वर्मा के 36 वर्षीय पुत्र अतुल वर्मा का संदिग्ध हालत में शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के पिता मुनीश चंद्र वर्मा, मां सरला देवी ने बताया कि उनका बेटा अतुल वर्मा बुधवार शाम पांच बजे खेत देखने गया था, जो वापस घर नहीं लौटा। बृहस्पतिवार सुबह लोग जब खेतों की और गए तो अतुल का शव संसारपुर रजबहा नहर में पुलिया के नीचे पड़ा मिला। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। युवा बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिवार वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि मृतक के शरीर पर चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं मिले हैं। बताया कि अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने पर की जाएगी। संवाद