लखीमपुर खीरी। दशहरा मेला के सांस्कृतिक मंच पर मंगलवार रात भोजपुरी संगीत के आयोजन में भीड़ बेकाबू हो गई। इस दौरान दर्शकों ने कुर्सियां तोड़ डालीं। भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ा।
आयोजन का उद्घाटन सीडीओ अनिल कुमार सिंह एवं एएसपी अरूण कुमार सिंह ने किया। इसके बाद सांस्कृतिक मंच पर भोजपुरी कार्यक्रम का आगाज हुआ। इस दौरान आरएस कुशवाहा पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भोजपुरी गीत सुनाकर नृत्य प्रस्तुत किया। इसे सुनने के लिए रात भर लोगों की भीड़ मेला मैदान में बैठी रही। भोजपुरी गीत एवं कलाकारों का नृत्य देखकर कई बार भीड़ बेकाबू हो गई। जिसे काबू में करने के लिए पुलिस तक का आना पड़ा। इस दौरान उमड़ी भीड़ के आगे मेला मैदान में जगह कम पड़ गई। ऐसे में तमाम युवा पेड़ पर चढ़कर कार्यक्रम देखने की खातिर मजबूर हो गए। बदइतंजामी की वजह से कई बार युवा बेकाबू हो गए। इससे तमाम कुर्सियां टूट गई। नृत्य के दौरान कुर्सियों का टूटना लोगों की अराजकता बताया जाता है।