लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की राजापुर चौकी क्षेत्र में मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान चालान काटे जाने से नाराज युवक ने बाइक को आग के हवाले कर दिया। इससे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। धू-धूकर जलती बाइक देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
राजापुर गांव निवासी भूपेंद्र कुमार वर्मा बाइक से कहीं जा रहा था। बाइक पर उसके अलावा दो अन्य साथी भी सवार थे। तभी रास्ते में राजापुर पुलिस चौकी के सामने वाहन चेकिंग कर रहे ट्रैफिक सिपाही राजेश कुमार ने उसकी बाइक को रोककर जांच शुरू की। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। इस पर ट्रैफिक सिपाही ने बिना हेलमेट के लिए एक हजार रुपये और तीन सवारी बैठाने के लिए एक हजार रुपये कुल मिलाकर दो हजार रुपये का चालान काट दिया। चालान देखकर भूपेंद्र झल्ला गया और गुस्से में आकर बाइक को आग के हवाले कर दिया। बीच हाईवे बाइक धू-धूकर जलने लगी। इससे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।
ट्रैफिक व राजापुर चौकी पुलिस आरोपी भूपेंद्र को गिरफ्तार कर कोतवाली सदर लाई। ट्रैफिक सीओ सुबोध जायसवाल भी मामले की जांच करने सदर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक से पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह अपनी पत्नी से झगड़ा करके निकला था। झल्लाहट में आकर इसने आग लगा दी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक का चालान भेजा है।