लखीमपुर खीरी के निघासन कस्बे में किराये के एक मकान में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर बजरंग दल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने यहां से दो लोगों को हिरासत में लिया है।
निघासन कोतवाली के बम्हनपुर कस्बे के एक व्यक्ति के किराए पर लिए गए मकान में रहने वाले दो लोग रविवार को कई लोगों के साथ बैठक कर रहे थे। वे धर्म संबंधी उपदेश दे रहे थे। आरोप है कि वे धर्म प्रचार की आड़ में लालच दिखाकर और बहलाकर गांव के सीधे-सादे लोगों का धर्म-परिवर्तन करा रहे थे। रविवार को वह धार्मिक उपदेश दिए जाते हैं। रविवार को धर्मोपदेश शुरू होते ही बजरंग दल और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने वहां हंगामा करना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने दो लोगों को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस को वहां करीब पचास महिलाएं तथा तीन पुरुष मौजूद मिले। एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग गया। पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है। कोतवाल चंद्रभान यादव ने बताया कि मौके पर किसी ने अपना धर्म परिवर्तन करने की बात नहीं कही। जांच की जा रही है। इसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।