बांकेगंज। मजदूरी के रुपये मांगने गए मैलानी थाना क्षेत्र के खंजनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय युवक बालक राम और पप्पू के बीच मंगलवार दोपहर आपसी विवाद हो गया। इस बीच आरोपी पप्पू ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार प्रहार कर दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गया। इसके थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।
खंजनपुर गांव निवासी बालकराम पुत्र हरिश्चंद्र ने पप्पू नामक युवक के सलेमपुर स्थित खेत में दो दिन पहले धान की रोपाई करने गया था। मंगलवार को बालकराम ने पप्पू से अपनी बकाया मजदूरी दो सौ रुपये जब मांगे तो वह उससे मारपीट करने लगा। इस बीच पप्पू ने लोहे के रॉड से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। इसके बाद बालक राम घर पहुंचकर चारपाई पर लेट गया। इसके थोडी देर बाद उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी उसकी मां को भी नहीं हुई। मां जब घर पहुंची तो बालक राम को चारपाई पर मृत पड़े देख उसके होश उड़ गए। उधर, बालक राम की मौत की सूचना पाकर हत्यारोपी पप्पू फरार हो गया। लोगों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे थाना मैलानी इंस्पेक्टर राम लखन पटेल ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।