निघासन। गांव दुर्गा पुरवा में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।
गांव दुर्गा पुरवा निवासी कल्लू ने बताया कि उसका 19 वर्षीय पुत्र रामू रविवार सुबह खेत में चारा लेने गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन की। रात करीब 10 बजे उसका शव पलिया-निघासन स्टेट हाईवे से गांव दुर्गापुरवा जाने वाले लिंक मार्ग पर गांव से करीब 100 मीटर दूर स्थित मंगू के खेत में लगे जामुन के पेंड़ से लटकता मिला। उसके गले में उसी का मफलर कसा था। शव मिलने से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार वालों ने किसी भी पारिवारिक कलह से इनकार किया है। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है।