पलिया-गौरीफंटा। भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बॉर्डर पर जंगल के रास्ते नेपाल ले जाई जा रही प्रतिबंधित दवाओं के साथ एक संदिग्ध को एसएसबी ने पकड़ा है। एसएसबी ने इनसे भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं। एसएसबी ने संदिग्ध को कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। गौरीफंटा एसएसबी निरीक्षक अभय कुमार यादव ने बताया कि सुबह एसएसबी जवान मोहित कुमार, रविंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि ने पिलर संख्या 753/1 के सामने कस्टम कार्यालय के पीछे दुधवा जंगल के रास्ते से होकर नेपाल ले जाते हुए एक व्यक्ति को देखा। उसके बाद जवानों ने घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। पकड़े गए संदिग्ध ने पूछताछ में अपना नाम सूरज कुमार गोयल बताया। उसने सफाई भी दी कि वह नशीली दवाएं नहीं है। उसका कहना था कि भारत लाई जाने वाली दवाएं केवल नेपाल में प्रतिबंधित हैं। भारत में नहीं। एसएसबी ने बरामद दवाओं का लगभग 85 हजार रुपये का सीजर बनाकर गौरीफंटा कस्टम के सुपुर्द कर दिया है।