लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा मामले में दर्ज हुए क्रॉस केस की सुनवाई सोमवार को जिला जज अदालत में होनी है। भाजपा नेता की तरफ से दर्ज कराए गए क्रॉस केस मामले में पैरवी कर रहे एडीजीसी शिव गोविंद राठौड़ ने बताया कि मामले में आरोपियों की ओर से एसआईटी द्वारा दाखिल चार्जशीट के खिलाफ डिस्चार्ज एप्लीकेशन दी गई है, जिस पर सुनवाई के लिए सोमवार को जिला जज अदालत में पत्रावली लगी है। संवाद
निघासन कांड
सुनवाई आज, चश्मदीद से होगी जिरह
लखीमपुर खीरी। निघासन के एक गांव में अनुसूचित जाति की नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में सोमवार को एडीजे मोहन कुमार की अदालत में चश्मदीद से जिरह के लिए पत्रावली नियत है। अदालत में अभियोजन का कार्य देख रहे सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों की ओर से नाबालिग होने की दलील दी गई है, जबकि तीन आरोपियों की ओर से ऐसी कोई अर्जी नहीं आई है। पहले गवाह के रूप में किशोरियों की मां ने अदालत में गवाही दर्ज कराई थी। जिसका परीक्षण होना है। अदालत ने इसके लिए 10 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर कर रखी है। निघासन पुलिस को गवाह माता को उपस्थित कराने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। संवाद