जल भवन के सामने छोटेे वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग पर गुजरते बड़े वाहन
लखीमपुर खीरी। रूट डायवर्जन में छोटे वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग पर भारी वाहन गुजरे तो खीरी से सीतापुर रोड जाने वाली सड़क की हालत खराब हो गई। 12 दिन में ही सड़क कई जगह से टूट गई है। बड़े-बड़े गड्ढे निर्माण की हकीकत बयां कर रहे हैं। वहीं, गांव मुड़िया खेड़ा मोड़ के पास माइनर पर बनी पुलिया भी टूट गई। निर्देशों की अनदेखी कर ट्रक, डीसीएम, बस और अन्य भारी वाहन इस रूट से बेधड़क गुजर रहे हैं।
ओवरब्रिज निर्माण की वजह से राजापुर क्रॉसिंग के पास से वाहनों का आवागमन बंद है। बहराइच की ओर से आने वाले भारी वाहनों को ढखेरवा से शारदानगर होकर निकाला जा रहा है। राजापुर चौराहे से खीरी होकर लहरपुर-हरगांव की ओर वाहन भेजे जा रहे हैं। छोटे वाहनों के लिए खीरी कस्बे से सीतापुर रोड पर जलभवन के सामने निकलने वाला मार्ग निर्धारित किया गया है।
छोटे वाहनों के इस रूट पर ट्रक, डीसीएम, बस और अन्य भारी वाहन धड़ल्ले से फर्राटा भर रहे हैं, जबकि खीरी कस्बे में और जलभवन के सामने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की सूचना भी लगाई गई है। भारी वाहनों के गुजरने से पांच किलोमीटर की सड़क में अनगिनत गड्ढे हो गए हैं। जलभवन के समीप ईंट भट्ठे के पास जाम की समस्या हो रही है। सिंगल रोड पर दोनों से ओर से भारी वाहनों के आने पर जाम लग जाता है।
भारी वाहनों की आवाजाही से मुड़िया खेड़ा मोड़ के पास माइनर पर बनी पुलिया भी टूट गई है। टूटी पुलिया के पास माइनर में मिट्टी भर दी गई है। ट्रक-बस और अन्य वाहन इसी टूटी पुलिया से गुजरते हैं। पीडब्ल्यूडी, सिंचाई और पुलिस इससे अनजान है। मंगलवार की दोपहर पुलिया के पास मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई थी। उसी समय यह पुलिया भी टूट गई।
जल भवन के सामने छोटेे वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग पर गुजरते बड़े वाहन
जल भवन के सामने छोटेे वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग पर गुजरते बड़े वाहन