लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रयागराज से जिले में आए 235 छात्रों से पाल इंटरनेशनल स्कूल पहुंचकर मुलाकात की। स्क्रीनिंग के बाद छात्रों को जलपान और भोजन करवाया। उन्होंने छात्रों से कहा कि आप लोग आने वाले कल का भविष्य हैं इसलिए अपने और समाज के हित में 28 दिनों तक घर में ही क्वारंटीन रहें। घर पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए बुखार, खांसी, जुकाम एवं श्वास आदि लेने में दिक्कत होने पर तुरंत सूचना दें। सदर एसडीएम डॉ. अरुण कुमार सिंह ने छात्रों को मोबाइल में आरोग्य एप डाउनलोड कराया। उन्होंने बताया कि प्रयागराज से आने वाले छात्रों में तहसील गोला के 39, पलिया के 39, निघासन के 36, मितौली के 24, लखीमपुर के 80, मोहम्मदी के सात और धौरहरा के नौ छात्र थे, जिन्हें बस से घर भेजवा दिया गया है।