लखीमपुर खीरी। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार मिल रहे हैं। बुधवार को जहां 25 लोग संक्रमित मिले थे तो वहीं बृहस्पतिवार को आई जांच रिपोर्ट में 28 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें पांच साल के एक बच्चे सहित किशोर, किशारियां एवं बड़े बुजुर्ग शामिल हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना अभी गया नहीं हैं। इसलिए बेहद सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि बारिश के मौसम में सर्दी, जुकाम, बुखार सहित तमाम संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ जाती हैं। कोरोना संक्रमण में भी इसी तरह के लक्षण होते हैं। इसलिए जांच कराना जरूरी है। डॉक्टरों का कहना है कि अभिभावक भी बच्चों को कोरोना के प्रति जागरूक कर प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए जागरूक करें। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता का कहना है कि 12 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। पहली एवं दूसरी के अलावा बूस्टर डोज भी लगाई जा रही है। दूसरी डोज के तीन माह बाद बूस्टर डोज अवश्य लगवा लें। टीकाकरण कराने में लापरवाही करना अपने साथ साथ परिवार के लिए मुसीबत बढ़ाना है।
स्कूलों में कोविड गाइड लाइन का पालन कराने के निर्देश
कोरोना के पांव पसारने के बीच धौरहरा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 17 छात्राओं के संक्रमित मिलने से सीएमओ एवं डीआईओएस कार्यालय में खलबली मच गई है। डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
टीकाकरण की स्थित
पहली डोज- 33,68,676
दूसरी डोज-31,39,334
बूस्टर डोज-1,01500
ऐसे बरतें सावधानी
1. जुकाम होने पर दूसरों से दूरी बनाकर रहें।
2. घर में बाहरी लोगों को न आने दें।
3. बच्चों को भीड़भाड़ वाली जगह पर न जाने दें।
4. मास्क, सैनिटाइजर व साबुन का नियमित प्रयोग करें।
5. पीजा, बर्गर, चाऊमीन आदि जंक फूड से बच्चों को दूर रखें।
6. बच्चों एवं किशोरों का वैक्सीनेशन अवश्य कराएं।
बच्चों का कराएं संपूर्ण टीकाकरण
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरपी वर्मा बताते हैं कि बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण एवं कोरोना वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। बच्चों को पौष्टिक आहार दें। समय समय पर हाथ धुलने की आदत डालें। बारिश के मौसम में तमाम तरह की बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। इसलिए बच्चों को मौसमी फल एवं सब्जी आदि का सेवन कराएं। छह माह तक के बच्चों को सिर्फ स्तनपान कराएं।