लखीमपुर खीरी। इंडियन बैंक (पुराना इलाहाबाद बैंक) ने शाखाओं पर भीड़ बढ़ने से ग्राहकों के लिए रोस्टर सिस्टम लागू किया है, जो नौ अप्रैल 2020 तक लागू रहेगा। ताकि बैंकों में लेन-देन के वक्त ग्राहकों के बीच सामाजिक दूरी बनाई जा सके। एलडीएम जितेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के तहत इस महीने से महिला जनधन खातों में 500 रुपये भेजे जा रहे हैं। तीन माह तक यह रकम दी जाएगी। इससे बैंकों में अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है। इसलिए बचत खाता संख्या की अंतिम संख्या (इकाई) जीरो से एक तक वाले ग्राहकों को तीन अप्रैल को बैंक आकर खाते से पैसा निकालने की सुविधा मिलेगी। ऐसे ही दो और तीन अंतिम संख्या वाले ग्राहकों को चार अप्रैल, चार और पांच अंतिम संख्या वाले ग्राहकों को सात अप्रैल, छह और सात अंतिम संख्या वाले ग्राहकों को आठ अप्रैल, आठ और नौ अंतिम संख्या वाले ग्राहकों को नौ अप्रैल 2020 को पैसा निकालने की सुविधा दी जाएगी।