लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह व एसपी पूनम मंगलवार को पैदल सड़कों पर घूमे थे। सड़कों पर भीड़भाड़ देख कड़ी नाराजगी जताई थी और लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन कराने के निर्देश दिए थे। कहा था कि बुधवार से सड़कों पर बिना पास वाले वाहन और बेवजह लोग घूमते न मिलें। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करें, लेकिन अफसरों का यह आदेश बुधवार की दोपहर तक बेअसर दिखा। लोग कार, बाइक और स्कूटी से फर्राटा भरते रहे। यह देख पुलिस एक्शन में आ गई। एएसपी शैलेंद्र लाल प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्र के साथ सड़कों पर निकले। पुलिस ने बेवजह घूमते मिले लोगों की पिटाई की। बिना पास के आते-जाते वाहनों को रोक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने 40 से अधिक वाहनों का चालान किया। पांच बाइक सीज कर दीं।
सुबह 11 बजे स्थान: कचहरी रोड
कचहरी रोड पर लोग बेखौफ होकर आ जा रहे थे। ई-रिक्शा व रिक्शा चालक भी सवारियां ढोते दिखे, लेकिन कोई इनसे पूछने वाला नहीं था।
सुबह 11.25 बजे स्थान: अस्पताल रोड
अस्पताल रोड शहर का व्यस्ततम मार्ग है। इस मार्ग पर भी लोग पुलिस से बेखौफ दिखे। सड़क पर आवाजाही बनी रही। किसी ने टोकाटोकी नहीं की।
दोपहर 01.05 बजे स्थान: नगरपालिका रोड
एएसपी शैलेंद्र लाल नगरपालिका रोड पर निकले। इस दौरान आने-जाने वालों की काफी संख्या थी। पुलिस की सख्ती पर सड़क पर सन्नाटा दिखा।
दोपहर 01.30 बजे स्थान: हीरालाल धर्मशाला के निकट
हीरालाल धर्मशाला से सौजन्या चौराहा मार्ग पर पुलिस ने पैदल गश्त की। इस दौरान जो बेवजह सड़क पर मिला। उस पर सख्ती की। वाहन भी चेक किए।