औरंगाबाद विद्युत उपकेन्द्र पर घटना के बाद मौजूद पुलिसकर्मी
मैगलगंज। औरंगाबाद स्थित विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी का कनेक्शन काटने के दौरान उपभोक्ता से विवाद हो गया। इससे गुस्साए विद्युत कर्मियों ने क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी। इससे क्षेत्र में उमस भरी गर्मी में हाहाकार मच गया। शाम तक आपूर्ति न मिलने से लोग परेशान रहे।
उपकेंद्र औरंगाबाद के विद्युतकर्मी अभिमन्यु कुमार बृहस्पतिवार को टीम के साथ पिपरी अजीज गांव पहुंचे। उन्होंने बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए। इस दौरान एक उपभोक्ता से कनेक्शन काटने को लेकर विवाद हो गया। बताते हैं कि उपभोक्ता पर कई माह का बिल बकाया था। वहीं उसने दो कनेक्शन भी ले रहे थे। बताते हैं कि विद्युत कर्मियों ने पहले एक कनेक्शन काटने की बात कही, लेकिन बाद में दोनों ही कनेक्शन काट दिए। इससे नाराज उपभोक्ता की विद्युत कर्मियों से बहस और फिर गाली-गलौज हो गई।
विद्युत कर्मियों का आरोप है कि उपभोक्ता ने गाली गलौज के साथ मारपीट की है। जिसकी तहरीर भी मैगलगंज थाने पर दी है। उधर, नाराज विद्युत कर्मियों ने हंगामा किया। साथ ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी। इससे औरंगाबाद सहित आस पास के करीब 15 से 20 गांवों की बिजली गुल हो गई। मैगलगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुलह समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन विद्युतकर्मी जिद पर अड़े रहे। इससे शाम तक औरंगाबाद विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे।
विद्युत कर्मियों के साथ एक उपभोक्ता का वाद विवाद हो गया था, जिसकी जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
- विवेक उपाध्याय, थाना प्रभारी, मैगलगंज