लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी इलाके में सोमवार को मोहम्मदी-गोला हाईवे पर दिलावरपुर गांव के समीप रोडवेज डिपो से अनुबंधित बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। शाहजहांपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान चार घायलों ने भी दम तोड़ दिया। ई-रिक्शा चालक मुजीब को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मदी कस्बे में सोमवार दोपहर को शाहजहांपुर डिपो की एक अनुबंधित बस गोला से आ रही थी। बस गांव दिलावरपुर के समीप पहुंची ही थी, तभी सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा बस में फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। ई-रिक्शे पर सवार जनपद बलिया की 55 साल की बुचिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव दिलावरपुर की रुखसाना पत्नी जावेद और उनके दो बच्चे छह साल का अरसलान व दो साल की आलिया, रवीना 20 पुत्री समसुल हसन, 28 साल का ई-रिक्शा चालक मुजीब और एक महिला घायल गंभीर घायल हो गई थी। पुलिस ने सभी घायलों को शाहजहांपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अरसलान, आलिया और रवीना समेत चार घायलों ने दम तोड़ दिया है। मोहम्मदी कोतवाली प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम शाहजहांपुर में ही कराया जाएगा। अनुबंधित बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।