मितौलीl थाना क्षेत्र के गढ़ी इब्राहीमपुर पॉवर हाउस पर तैनात संविदा कर्मी लाइनमैन बिजली सही करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट आ गया है। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते संविदा कर्मी की मौत हो गई है।
मितौली थाना क्षेत्र खुदनीया निवासी प्रमोद वर्मा पुत्र जगदीश (35) शनिवार देर शाम लो वोल्टेज की शिकायत पर थाना क्षेत्र के खंतादेशू गांव में वह बिजली सही करने गया था। लाइन सही करने से पहले उसने शटडाउन लिया था। गांव में ही वह एक ट्रांसफार्मर को सही कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली आ गई। जिससे वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और बुरी तरह से झुलस कर जमीन पर आ गिरा।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने लाइनमैन को निजी वाहन से सीतापुर जिला अस्पताल इलाज के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई है। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार वाले बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। एसडीओ एजाज अहमद ने बताया मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। जिसकी भी लापरवाही से हादसा हुआ होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी।