लखीमपुर खीरी/निघासन। जिले में बिजली कटौती से बुरा हाल है। इसको लेकर निघासन में उपभोक्ता कार्यालय का घेराव किया तो वहीं तिकुनिया में भी प्रदर्शन किया गया। गोला में उपभोक्ताओं ने बिजलीघर पहुंचकर आपूर्ति में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अलीगंज में पांच दिन के बाद भी फुंका ट्रांसफार्मर न बदलने को लेकर लोगों में आक्रोश है।
कटौती से परेशान रकेहटी के उपभोक्ता व भाजपा नेता दयाशंकर मौर्य सहित महेश, गुड्डू, श्याम सुंदर, पुष्पेंद्र, असलम, दयाशंकर पाल, विनोद वर्मा, विनोद कश्यप, रामखिलावन उपकेंद्र पहुंचे। बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में पांच से छह व शहरी क्षेत्र में 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। अधिशासी अधिकारी भरत गौतम ने कहा कि कटौती को लेकर अधिकारियों से बात करेंगे। एक सप्ताह में शिवपुरी, लक्ष्मी नगर, कृष्णा नगर, दुर्गापुरम को नगर से जोड़ दिया जाएगा।
गोला गोकर्णनाथ में सोमवार की देर रात तक बिजली न मिलने से रात करीब 12 बजे किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव शुभम अग्निहोत्री अपने साथियों के साथ बिजलीघर पहुंचे। यहां मौजूद कर्मचारी कटौती का कोई कारण नहीं बता पाए। इस पर उन्होंने कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए समस्या में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। गोला के अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि आपातकालीन कटौती, गर्मी में लाइन पर लोड अधिक होने से समस्या आ रही है। एक-एक फीडर करके लाइन ठीक कराई जा रही है।
ट्रांसफार्मर में लगी आग, बिजली गुल
मोहम्मदी। मोहल्ला सरैया मंडी रोड में लगा ट्रांसफार्मर मंगलवार दोपहर को अचानक जलने लगा। स्थानीय लोगों ने बिजलीघर पर कॉल करके आपूर्ति बंद कराई। ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद कई घंटे आपूर्ति बाधित रही। संवाद
कटौती के विरोध में सड़कों पर उतरे उपभोक्ता
तिकुनियां। तिकुनियां बिजलीघर के कर्मचारियों-अधिकारियों की कार्यप्रणाली से खफा बनवीरपुर, गंगानगर, रननगर, सिसवारी, रायपुर, निबौरिया आदि बॉर्डर के तमाम गांव के लोग सड़कों पर उतर आए। हंगामा कर नारेबाजी की। रात करीब 12 बजे एसडीओ एसके रावत को ज्ञापन देने पहुंचे।
कहा कि पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है। बिजलीघर जाने पर अवर अभियंता मिलते ही नहीं। वह लखीमपुर में रहते हैं। एसडीओ एसके रावत ने कहा कि बनवीरपुर फीडर 5 एमबीए का ट्रांसफार्मर लगा है, जिसको जल्द ही 10 एमबीए कर दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बनवीरपुर के प्रधान आकाश मित्तल, अनुज सिंह, राहुल, जयप्रकाश, बलराम, रामू, दिनेश दुर्गेश आदि मौजूद रहे। संवाद
सोमवार की रात बिजली न होने से विद्युत वितरण उपखंड में मौजूद लोग। संवाद