पलिया में बोर्ड की बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष व सदस्य।
पलियाकलां। बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के विकास कार्यों, पालिका की आगामी योजनाओं के प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार विमर्श करते हुए मंजूरी दी गई।
बैठक में गृहकर 25 प्रतिशत कम करने, अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने, विभिन्न वार्डों में सड़कें व नाले-नालियां बनवाने जाने पर बोर्ड की सहमति बनी। महिला आरक्षण बिल लागू करने पर बोर्ड बैठक में शामिल सदस्यों ने प्रधानमंत्री के लिए बधाई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके अलावा पालिकाध्यक्ष केबी गुप्ता ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी आपसी सामंजस्य बैठाते हुए कार्य करें।
कोई भी सदस्य यह न समझें कि उनका काम नहीं होगा या फिर उनपर कोई दबाव होगा। जो प्रस्ताव पास होंगे, उनपर काम किया जाएगा। बैठक में अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार चौधरी, लेखाकार मेलाराम, लिपिक बिजेन्द्र कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर अंकुर सिंह के साथ ही भारी संख्या में पालिका सदस्य मौजूद रहे।