लखीमपुर खीरी। बुधवार को प्रभारी जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट में जल जीवन मिशन ग्रामीण के क्रियान्वयन की गहनता से समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी डीएम अनिल कुमार सिंह समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में और तेजी लाई जाए और सभी परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सभी पेयजल योजनाओं की साइट पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं। रोड से सटाकर पाइप लाइन न डालें ताकि रोड क्षतिग्रस्त न हो।
निर्देश दिए कि अफसरों की टीम गठित कराते हुए प्रत्येक ब्लॉक की कम से कम चार परियोजनाओं का रैंडम जांच कराएं। पाइप लाइन की गहराई मानक के अनुरूप हो। ग्राम पंचायतों में क्षतिग्रस्त समस्त सड़कों को 30 जून तक दुरुस्त कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण योगेंद्र कुमार नीरज, कार्यदायी संस्था एनसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर मल्लिकार्जुन, वरिष्ठ अभियंता राजीव सक्सेना, कार्यदाई संस्था बीपीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेंद्र सिंह, डीपीएमयू के जिला समन्वयक परवेज अहमद मौजूद रहे।