लखीमपुर खीरी। महिला संबंधी अपराधों को रोकने के लिए अब परिषदीय व माध्यमिक विद्यालयों में भी शिकायत पेटिकाएं लगाई जाएंगी। इसमें छात्राएं पत्र में शिकायतें लिखकर डाल सकेंगी। हर दिन पेटिका को खोलने की जिम्मेदारी एक शिक्षक को दी जाएगी। निस्तारण में अगर पुलिस की जरूरत पड़ेगी तो उनका भी सहारा लिया जाएगा। हालांकि, कुछ निजी स्कूलों में यह पेटिकाएं पहले से ही लगी हुई हैं। कई बार देखा गया है कि छात्राएं डर की वजह से अपने साथ होने वाली घटनाओं को छिपा ले जाती हैं। इस डर को दूर करने और अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए यह कदम उठाया गया है। शासन स्तर से एक पत्र जारी करते हुए डीआईओएस को जल्द से जल्द स्कूलों में शिकायत पेटिकाएं लगवाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस विनोद मिश्रा ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के क्रम में विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित कर दिया गया है। संवाद