लखीमपुर खीरी। धौरहरा ब्लॉक क्षेत्र की 13 पंचायतों में हैंडपंप रिबोर और मरम्मत कार्यों में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में संबंधित ग्राम पंचायतों में कई जगह नल न तो रिबोर हुए और न ही उनकी मरम्मत की गई। करीब 15 लाख 37 हजार 818 रुपये की गड़बड़ी सामने आई है, जिसकी रिकवरी संबंधित सचिव और प्रधानों से कराई जाएगी। इसमें 13 प्रधान, आठ सचिव, दो फर्म सहित संबंधितों को नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर जवाब मांगा गया है।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष करीब 20 दिन पहले धौरहरा और ईसानगर क्षेत्र में हैंडपंप रिबोर और मरम्मत कार्य में गड़बड़ी की शिकायत सामने पहुंची थी। डीएम को बताया गया कि था कि दोनों ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में अली कॉन्ट्रेक्टर और अली वारिस कॉन्ट्रेक्टर फर्म ने ब्लॉक स्तर व ग्राम पंचायत के अफसरों व प्रधानों के साठगांठ कर हैडंपप रिबोर व मरम्मत कार्य के नाम पर बड़ा खेल किया।
बिना कार्य कराए गए लाखों रुपये निकाले गए हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों ब्लाकों के सभी ग्राम पंचायतों की जांच के निर्देश दिए। पहले चरण में धौरहरा के 17 ग्राम पंचायतों की जांच के लिए जिला स्तरीय अफसरों को नामित कर दिया। सभी जिला स्तरीय अफसर तकनीकी अफसरों की मदद से गांव पहुंचे और स्थलीय जांच की, तो कई जगह हैंडपंप ही नहीं मिले तो कुछ जगह रिबोर होना नहीं पाया गया।
इन ग्राम पंचायतों में सामने आया फर्जीवाड़ा
डीपीआरओ विशाल सिंह ने बताया कि 17 ग्राम पंचायतों की जांच में 13 में जगह गड़बड़ी सामने आई है। इसमें मटेहनी, घुघुरगुट्टा बुजुर्ग, शाहपुर, रामलोक, अमेठी, केशवापुर खुर्द, बम्हौरी, महराजनगर, मिर्जापुरवा, बबुरी, जंगलवाली, डिहुआकंला, परसा है। इसके अलावा संबंधित सचिव नवल किशोर, बंधुराम राना, रजनी राना, उदय प्रताप, चंद्र शेखर यादव, आशुतोष पांडेय, रोहित बंसवार कुलदीप वर्मा को भी नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार, इस गड़बड़ी के एडीओ पंचायत पर अभी तक कोई भी पत्राचार नहीं किया।
एक ही व्यक्ति की हैं दोनों फर्में
हैंडपंप रिबोर कराने वाली अली कॉन्ट्रेक्टर एवं अली वारिस कॉन्ट्रेक्टर नाम की फर्में एक ही व्यक्ति की बताई जा रही है। जांच के दौरान एक ही जैसे बिल बाउचर लगे होना पाया गया। अफसरों ने भी इसको स्वीकार किया है। संबंधित फर्मों को भी नोटिस जारी किया गया है। सूत्र बताते हैं कि इन फर्मों ने अन्य ब्लॉकों में भी काम कराया है। हैंडपंप के अलावा अन्य कई कार्य कराए हैं। इनमें भी गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं।
-
...तो अब सभी ग्राम पंचायतों में होगी जांच
धौरहरा की 13 ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी सामने आने के बाद सीडीओ ने जनपद की सभी ग्राम पंचायतों की जांच कराने की बात कीं है। सीडीओ ने बताया कि जांच में कई तहत की बातें पता चली हैं कि लोग किस तरह गड़बड़ी करते हैं। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कराई जाएगी।
डीएम के निर्देश पर जिला स्तरीय अफसरों की कमेटी गठित कर धौरहरा के 16 ग्राम पंचायतों में हैंडपंप रिबोर से संबंधित जांच कराई गई है। 13 ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी सामने आई है। संबंधित सचिव, प्रधान और दोनों फर्मों को नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। करीब 15.37 लाख रुपये की रिकवरी की जानी है।
अभिषेक कुमार, सीडीओ