धौरहरा। उपकेंद्र से बिजली का कोई रोस्टर जारी नहीं होने के बावजूद परौरी फीडर के कफारा सहित तीन सौ गांवों में बमुश्किल चार घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। जेई से सवाल पूछने पर वह उल्टे सीधे जवाब देकर बचते नजर आते हैं। ग्रामीणों के बिजली कब आएगी पूछने पर जेई सुशील कश्यप उपकेंद्र आकर रजिस्टर देखने की बात कहते हैं।
सरकार की मंशा भले ही उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने की हो, लेकिन धौरहरा क्षेत्र में यह दावे बेमानी साबित हो रहे हैं। धौरहरा उपकेंद्र से संबद्ध क्षेत्रों में आधा घंटा भी बिजली नहीं मिलती है। कफारा गांव निवासी उपभोक्ता राम नारायन, रामकृत वर्मा, अजय तिवारी, कुलबीर सिंह और लखविंदर सिंह आदि ने बताया कि ऊर्जा मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली देने की घोषणा की थी, लेकिन यहां अनवरत चार घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बढ़ाने की मांग की है। जेई सुशील कश्यप ने बताया कि मेन ट्रांसफार्मर खराब होने से परौरी फीडर और ऐरा फीडर को सात सात घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
धौरहरा उपकेंद्र में तैनात जेई और कर्मचारी काफी लापरवाह हैं। वह जब खुद तहसील मुख्यालय पर रुकते हैं, तो पता चल जाता हैं कि कितनी कटौती होती है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
राजेश कुमार एसडीएम धौरहरा।