मोहदियापुर में हाईवे पर दो ट्रकों की आमने सामने की हुई टक्कर
उचौलिया। लखनऊ-बरेली हाईवे पर मोहदियापुर के पास मंगलवार की शाम पांच बजे दो ट्रकों में टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक चालक का शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसे में दो अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
मंगलवार को एनएचएआई के ठेकेदार ने हाईवे के गड्ढों भरने के लिए सोनौवा तिराहा से मोहदियापुर तक करीब पांच किलोमीटर दूरी तक रूट डायवर्जन किया हुआ था। इससे सीतापुर की ओर से आ रहे वाहन गलत लेन में चल रहे थे। शाम करीब पांच बजे शाहजहांपुर और सीतापुर की ओर से आ रहे दो ट्रकों में भिड़त हो गई। जोरदार टक्कर में दोनों ट्रकों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए। इससे दोनों चालक केबिन में ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीतापुर की ओर से आए ट्रक के चालक सीतापुर के महोली थाने के गांव रोहिला निवासी 35 वर्षीय ज्योतिप्रकाश मिश्रा उर्फ मिंटू को निकाल कर निजी वाहन से शाहजहांपुर जिला अस्पताल भेजा, लेकिन वहां पर उसकी मौत हो गई।
ट्रक में चालक मिंटू का भतीजा शिवांशु और अनुपम भी थे। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं केबिन में फंसे दूसरे ट्रक के चालक बरेली के थाना शेरगढ़ के गांव सिसोरा निवासी वाहिद पुत्र बाबू को एक घंटे बाद निकाला जा सका। हादसे में उसका पैर टूट गया। पुलिस ने उसे भी जिला अस्पताल शाहजहांपुर भेजा है।
उधर, एनएचएआई के मैनेजर ने बताया कि रोड पर पैचवर्क किया जा रहा था। कंपनी के कर्मचारियों के साथ हादसा न हो इसलिए सोनौवा तिराहा से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था। बीच में कोई कट नहीं है। इस वजह से लंबा डायवर्जन करना पड़ा। शाहजहांपुर की ओर से जा रहे ट्रक चालक ने दूसरे वाहन को ओवरटेक किया। इससे हादसा हो गया।