बांकेगंज। बांकेगंज चौकी इंचार्ज पर जहर खिलाने के महिला के आरोप के बाद बुधवार को सीओ गोला अजेंद्र यादव जांच करने पहुंचे। उन्होंने चौकी में तैनात पुलिस कर्मियों से उस घटनाक्रम के बारे में जानकारी की। वहीं, चौकी इंचार्ज के दो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। सीओ ने तीनों मामलों को गंभीरता से लेकर जांच शुरू की है।
थाना मैलानी की बांकेगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी महिला गोमती देवी चौहान मंगलवार शाम चौकी इंचार्ज श्रीकृष्ण पाल पर जहर खिलाने का आरोप लगाते हुए चौकी के पास सड़क पर बेहोश हो गई थी। इस प्रकरण के बाद चौकी इंचार्ज का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। एक वीडियो में महिला को गालियां देते नजर आ रहे हैं तो दूसरे में युवक के साथ अभद्रता करते हुए।
मामला सुर्खियों में आने पर बुधवार को सीओ गोला अजेंद्र यादव संबंधित मामलों की जांच के लिए चौकी पहुंचे। सीओ ने बताया कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।