एसएसबी ने चलाया स्वच्छता कार्यक्रम
दो दिवसीय अभियान के तहत हुई आश्रम की रंगाई
स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत मंगलवार को डीआईजी के नेतृत्व में देवकली तीर्थ पहुंचे एसएसबी जवानों ने तीर्थ परिसर की साफ सफाई की, जिसमें बल के संदीक्षा क्लब की महिलाएं भी शामिल रहीं। जवानों ने चंद्रकला आश्रम की रंगाई भी की। डीआईजी उपेंद्र प्रकाश बलोदी के नेतृत्व में संदीक्षा क्लब की महिलाएं और जवान मंगलवार की सुबह करीब छह बजे देवकली मंदिर पहुंचे। इस दौरान जवानों ने चंद्रकला आश्रम की साफ सफाई और रंगाई की। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता पोस्टर भी चिपकाए। डीआईजी ने बताया कि बल हर माह दो दिन सफाई अभियान चलाती है इसमें एसएसबी कैंपस सहित धार्मिक स्थलों को शामिल किया जाता है, जिसके तहत मंगलवार को देवकली तीर्थ को चुना गया और सफाई की गई। इस दौरान बल की संदीक्षा क्लब की अध्यक्ष रुचि बलोदी, एसके शर्मा, राजेंद्र कुमार, एसके सांरगी, कमांडेंट मुकेश कुमार, डॉ. चंदन तालुकदार, डॉ. ज्योती देवी सहित कई जवान मौजूद रहे।