लखीमपुर खीरी। सुआगाड़ा गांव में मंगलवार को आग से बीस किसानों की फसल जलने के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए। वायरल वीडियो में कइयों के हाथ में डंडा दिख रहा है। हंगामा भी हो रहा है। वीडियो में एक युवक ने घर पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस के पास कोई तहरीर नहीं पहुंची है।
सदर तहसील क्षेत्र के घोसियाना गांव के पश्चिम में खेत हैं। जहां गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। मंगलवार को अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन हवा तेज होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मोहम्मद, शहंशाह, इरफान, आमिर, आजाद, नसीम, मोबिन, मखदूम, गुडिया, कल्लू समेत करीब 20 किसानों के खेत में खड़ी गेहूं की करीब दस एकड़ फसल राख हो गई थी।
घटना के बाद लोग आक्रोशित हो गए थे। लोगों को शांत कराने को लेकर पुलिस से भी झड़प हुई थी। इधर, बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग एक घर में जबरन घुसने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोग घटना का विरोध कर रहे हैं। लोग आपस में उलझ भी रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में गांव निवासी वीरू कश्यप का कहना था कि एक विशेष समुदाय के लोगों ने उसके घर पर हमला कर दिया। कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।