लखीमपुर खीरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने और जिला अस्पताल परिसर में अस्पताल निर्माण का काम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व सैनिक अस्पताल को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी परिसर में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बैठक में मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा कि मेडिकल कॉलेज शासन की शीर्ष प्राथमिकता में है। इसके निर्माण में किसी तरह की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं होगी। देवकली रोड पर बन रहे मेडिकल कॉलेज के शैक्षिक भवन की प्रगति की जानकारी लेकर जिला अस्पताल के पुराने भवन के ध्वस्तीकरण के बारे में भी मालूमात की। इसकी गति धीमी मिलने पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिम्मेदारों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही डीएम ने जिला अस्पताल के पुराने भवन में संचालित ईसीएचएस (एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम) अस्पताल को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय परिसर में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और सीएमएस को मेडिकल कालेज के अस्पताल निर्माण की कार्यवाही शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की हीलाहवाली एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएमओ डॉ. अरुणेंद्र त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. हर्षवर्धन, विंग कमांडर धनंजय सिंह, ईसीएचएस प्रभारी अधिकारी कर्नल भंडारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अनिल जाटव, एक्सईएन (भवन खंड) लखनऊ अशोक कुमार, सहायक अभियंता संयम सक्सेना, कंसलटेंट टीम लीडर डीडीएफ नई दिल्ली सुमित रैना, एनकेजी इन्फ्रा के प्रोजेक्ट मैनेजर डीके शर्मा आदि मौजूद रहे।