लखीमपुर खीरी के 34 प्रतिशत पात्र किसानों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। कृषि विभाग समेत राजस्व विभाग को भी इस काम में लगाया गया है, लेकिन 2,16,149 किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
लखीमपुर खीरी में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत सितंबर 2022 में किसानों को दी जाने वाली 12वीं किस्त का भुगतान अभी तक नहीं मिल पाया है, क्योंकि 34 प्रतिशत किसानों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। कई दिनों से आंकड़ा 66 प्रतिशत पर अटका हुआ है। तमाम कोशिशों के बावजूद ई-केवाईसी का ग्राफ आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
विज्ञापन
जनपद में कुल 6,45,081 किसान पीएम सम्मान निधि के लाभार्थी हैं। इसके सापेक्ष 66 प्रतिशत यानी 4,28,932 किसानों ने ई-केवाईसी कराई है। शेष 34 प्रतिशत किसान ई-केवाईसी कराने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। इससे पात्र लाभार्थी किसानों को भी सम्मान निधि नहीं मिल पा रही है, जबकि सितंबर माह में 12वीं किस्त दी जानी थी। हालांकि कृषि विभाग समेत राजस्व विभाग को भी इस काम में लगाया गया है, लेकिन 2,16,149 किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
इससे सरकार ने अभी तक किस्त जारी नहीं की है, जबकि दो अक्तूबर के मौके पर किसानों के खाते में किस्त भेजे जाने की बात कही जा रही थी। उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्रा ने बताया कि किसानों की ई-केवाईसी के साथ ही उनकी जमीन का विवरण भी अपलोड किया जा रहा है। अभी तक 66 प्रतिशत किसानों ने ई-केवाईसी कराई है। शेष किसानों को भी शीघ्र ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।