लखीमपुर खीरी। दिवाली के चलते खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन की टीमों ने गुरुवार को भी मिठाई और किराना दुकानों पर छापा मारा और नमूने भरे। वहीं मिलावटी दुग्ध उत्पाद बेचने वाले स्थलों को चिह्नित कर दूध के नमूने भरे गए। अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा दुग्ध उत्पाद सर्वे 2020 गाइड लाइन के अनुपालन के क्रम में त्योहारों के समय दुग्ध उत्पादों में हो रही मिलावट के बिक्री स्थलों को चिह्नित कर अभिसूचना आधारित सर्विलांस कार्रवाई की गई है। इसमें जनपद से सात सर्विलांस नमूने दुग्ध उत्पाद के भरे गए हैं। ढखेरवा से मिश्रित दूध, मितौली से बेसन, पलिया से रंगीन कचरी व नहरिया बेहजम रोड से दही का नमूना लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन अभियान में अब तक कुल 50 नमूने भरे जा चुके हैं। संवाद