महेवागंज। रविवार को लॉक डाउन के दौरान भूमि विवाद का निबटारा कराने के लिए हल्का लेखपाल ने पैमाइश कराई। इस दौरान दोनों पक्षों के तमाम लोग एकत्र रहे। सामाजिक दूरी की धज्जियां जमकर उड़ीं। मजे की बात तो यह कि चौकी पुलिस के सिपाही मूक दर्शक बने रहे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मौजूदगी में भीरा मार्ग पर भूमि की पैमाइश की गई। कस्बे में चौकी से चंद कदम दूर बलदेव व उनके भाई अजीत सिंह की मार्केट बनी है। जिसके दोनों सिरे निघासन-पलिया मार्ग से जुड़ते हैं। बलदेव का कहना है कि सप्ताह भर पहले वह पलिया मार्ग की ओर अपनी सहन की जमीन पर दुकानों का निर्माण कराने लगे। सड़क किनारे राजस्व भूमि की कीमती जमीन पर अवैध कब्जा जमाए कुछ लोगों ने निर्माण का विरोध किया। मामला राजस्व से जुड़ा होने से इलाकाई लेखपाल सुधीर वर्मा ने लॉकडाउन के दिन दोनों पक्षों को बुलाकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राशिद की मौजूदगी में पैमाइश कराई। इस दौरान सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। लेखपाल सुधीर वर्मा ने बताया कि ग्राम सभा ओदरहना के गाटा संख्या 597 राजस्व अभिलेख में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। जिस पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसी के समीप बलदेव की निर्माणाधीन मार्केट की जमीन को लेकर विवाद था। रविवार को पैमाइश कराकर निबटारा करा दिया गया।