मझगईं। दुधवा नेशनल पार्क के जंगलों से सटे बेला खुर्द गांव में रविवार सुबह कमलेश अपने मवेशियों को खेत पर चरा रहा था। इसी दौरान लखविंदर सिंह के खेत से अचानक निकले बाघ ने कमलेश की एक गाय पर हमला कर दिया। कमलेश जब तक कुछ समझ पाता तब तक बाघ ने मवेशी को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि बाघ की नजर कमलेश पर नहीं पड़ी, जिस पर वहां से भागकर उसने किसी तरह से अपनी जान बचाई। सूचना पर वन विभाग के मझगईं रेंजर सुभाष चंद, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के सहायक परियोजना अधिकारी राधेश्याम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। खेतों में बाघ के पगचिह्न भी दिखाई दिए हैं। ग्रामीणों से रेंजर ने खेतों में आने पर सतर्कता बरतने की बात कही है। उधर घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है और वह खेतों में जाने से कतराने लगे हैं। संवाद