लखीमपुर खीरी। नो चाइल्ड लेबर अभियान के तहत पुलिस ने बाल श्रम प्रवर्तन अधिकारी के साथ ईंट भट्ठों, होटलों आदि स्थानों पर छापा मारा। इस टीम ने छह बाल श्रमिकों को पकड़कर घर वालों को सौंप दिया। एसपी विजय ढुल ने बताया कि एएसपी अरूण कुमार सिंह नोडल अधिकारी एएचटीयू के नेतृत्व में नो चाइल्ड लेबर अभियान चलाया गया। इन टीमों ने थाना सिंगाही, धौरहरा और निघासन में ईंट भट्ठा, ढाबा, होटलों, दुकानों आदि पर बाल श्रमिकों की तलाश की। इस दौरान 14 से 16 साल की उम्र के बच्चे काम करते मिले। टीम ने माता पिता को बुलाकर बच्चों को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। साथ ही सख्त हिदायत दी कि बच्चों से काम न कराए, उन्हें स्कूल भेजे। साथ ही क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा एवं पुनर्वास हेतु जागरूक किया।