शारदा तटबंध मे बालक की तलाश करती एनडीआरएफ टीम
महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ में शारदा तटबंध पर बने रपटा पुल पार करते समय गांव श्रीनगर निवासी बैजनाथ का दस वर्षीय पुत्र अंत कुमार बह गया। जब तक लोग उसे बचाते, वह तटबंध में भरे पानी में गुम हो गया। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चला है।
श्रीनगर गांव निवासी बैजनाथ का खेत मिलपुरवा शारदा तटबंध किनारे है। शनिवार सुबह घर वाले खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इस वक्त शारदा नदी उफान पर है। इससे तटबंध में बाढ़ का पानी चल रहा है। बैजनाथ का पुत्र अंत कुमार तटबंध पर बनी रपटा पुलिया को पार करने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। जब तक लोग उसे बचाते बहाव तेज होने से वह पानी में ओझल हो गया।
राहगीरों के शोर पर पास ही खेत में मौजूद परिजन भी पहुंच गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने एनडीआरएफ को बुला लिया। स्थानीय गोताखोर से भी तलाश शुरू कराई। एनडीआरएफ टीम ने दो मोटर बोट से तलाश शुरू की है। शाम तक बालक का कुछ पता नहीं चल सका है। उधर, परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
शारदा तटबंध मे बालक की तलाश करती एनडीआरएफ टीम