हादसे में दोनों कारों में सवार चार अन्य लोग हुए घायल
गंभीर रूप से घायल दो लोग लखनऊ रेफर किए गए
पलियाकलां। पलिया-संपूर्णानगर रोड पर दो कारों की टक्कर में कार सवार मोहल्ला रंगरेजान निवासी अल्ताफ के 13 वर्षीय पुत्र अल्तमश की मौत हो गई, जबकि दोनों कारों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।
मोहल्ला इकरामनगर निवासी मोहम्मद नसीम का 20 वर्षीय पुत्र मोहसिन, इकरामनगर के अल्ताफ का 13 वर्षीय पुत्र अल्तमश व 17 वर्षीय फैजल, इसी मोहल्ले के चांद बाबू का 17 वर्षीय पुत्र अरबाज एक कार में सवार होकर संपूर्णानगर की ओर जा रहे थे। उधर, दूसरी कार से महंगापुर निवासी हरदीप सिंह का 30 वर्षीय पुत्र गुरविंदर सिंह पलिया की ओर आ रहा था। सिंह पैलेस के सामने दोनों कारों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से अल्तमश, मोहसिन व गुरविंदर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से सभी को लखनऊ भेजा गया। जहां रास्ते में अल्तमश की मौत हो गई, जबकि मोहसिन व गुरविंदर का लखनऊ में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कारों को रोड किनारे लगवाकर आवागमन को सुचारू कराया।